32.9 C
Lucknow
Friday, July 10, 2026

भारी बारिश और आकाशीय बिजली का कहर, हादसों में 14 की मौत

Must read

– 17 जिलों में अलर्ट, कई जिलों में स्कूल बंद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश से जुड़े हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से आठ लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं बुलंदशहर में भारी बारिश के दौरान एक दीवार गिरने से दो लोगों की जान चली गई। अन्य जिलों में भी बारिश से जुड़े हादसों में जनहानि की खबरें सामने आई हैं।

लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कई जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं सहारनपुर में कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

भारी बारिश के कारण कई शहरों और कस्बों में जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है, जबकि निचले इलाकों में लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित होने की सूचना है।

भारतीय मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनुसार प्रदेश के 17 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जिला प्रशासनों को सतर्क रहने, राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें तथा आकाशीय बिजली की आशंका होने पर खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। मौसम की स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article