33.9 C
Lucknow
Thursday, July 9, 2026

नवाबगंज सीएचसी में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का प्रशिक्षण संपन्न

Must read

– आशा कार्यकर्ताओं को दिए गए जरूरी निर्देश

फर्रुखाबाद, 9 जुलाई। नवाबगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के प्रभावी संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों को अभियान के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, खांसी, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसे संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी। साथ ही संदिग्ध मरीजों की सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराते हुए उन्हें समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करेंगी।

अभियान के तहत लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने, घरों एवं आसपास जलभराव न होने देने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच एवं उपचार कराने के लिए भी जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर बीसीपीएम प्रदीप कुमार ने कहा कि संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक घर तक पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जाएगा तथा संदिग्ध मरीजों को समय रहते उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अभियान को सफल एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा फील्ड स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article