फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत बजरिया चौकी के निकट मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में खेल रहे पांच वर्षीय मासूम के ऊपर अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार बजरिया चौकी के निकट निवासी भूरा का पांच वर्षीय पुत्र सोहेल घर में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक जर्जर दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर बच्चे को बाहर निकाला।
आनन-फानन में परिजन घायल मासूम को उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में जर्जर और कच्ची दीवारें कभी भी बड़ा हादसा बन सकती हैं। उन्होंने ऐसे भवनों की समय रहते मरम्मत कराने और सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
खेलते समय मासूम पर गिरी दीवार, गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती


