35.7 C
Lucknow
Tuesday, July 7, 2026

यूपी सरकार जनकल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए चलाएगी विशेष अभियान, मंत्रियों और विधायकों को दिए गए अहम निर्देश

Must read

 

लखनऊ
प्रदेश सरकार अपनी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदेश के प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में मंत्रियों और विधायकों को संगठन के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने 8 जुलाई को वाराणसी में शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के शुभारंभ तथा 12 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्यव्यापी पौधरोपण अभियान को मेगा इवेंट के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों में और विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन पदाधिकारियों के साथ मिलकर इन कार्यक्रमों का आयोजन करें। सरकार का उद्देश्य है कि कैशलेस चिकित्सा योजना की जानकारी प्रत्येक पात्र शिक्षक तक पहुंचे और अधिक से अधिक लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से प्रशासनिक स्तर पर आने वाली बाधाओं की निगरानी कर उनके त्वरित समाधान के भी निर्देश दिए।

बैठक में 12 जुलाई के पौधरोपण अभियान को लेकर भी विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा संगठन ने प्रत्येक बूथ पर 20-20 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बताया गया कि दोनों प्रमुख कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से इन आयोजनों को जनसहभागिता आधारित और भव्य बनाने को कहा। साथ ही विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा कराने तथा शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को स्कूलों में अभिभावकों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड, विद्यालयों की सुविधाओं और शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा। इसके अलावा गांवों और कस्बों में अस्पतालों एवं अन्य जनसुविधाओं का निरीक्षण करने, महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद बढ़ाने तथा जल जीवन मिशन से जुड़े लंबित कार्यों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी मंत्रियों से संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर जनता तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article