35.7 C
Lucknow
Tuesday, July 7, 2026

शादी के चार महीने बाद विवाहिता की मौत, परिजनों ने दहेज के लिए तेजाब पिलाने का लगाया आरोप

Must read

 

बरेली
जिले में शादी के महज चार महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल वालों ने उसे जबरन तेजाब पिला दिया, जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतका के पिता रामवीर, जो उत्तराखंड के रुद्रपुर में नौकरी करते हैं, ने कैंट थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी प्रीति की शादी चार महीने पहले कैंट क्षेत्र के उमरसिया निवासी धर्मेंद्र से हुई थी। उनका कहना है कि शादी में 15 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए थे। आरोप है कि विवाह के बाद धर्मेंद्र व्यापार के लिए दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगा और मांग पूरी न होने पर प्रीति को लगातार प्रताड़ित किया गया।

शिकायत के अनुसार, 14 जून को पति धर्मेंद्र, उसके पिता ज्वाला प्रसाद और मां कमला देवी ने कथित रूप से प्रीति को जबरन तेजाब पिला दिया। सूचना मिलने पर मायके वाले बरेली पहुंचे और गंभीर हालत में प्रीति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान सोमवार शाम उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके।

क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि इस मामले में पहले से ही विवाहिता के उत्पीड़न और तेजाब पिलाने के आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। अब विवाहिता की मृत्यु के बाद पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दहेज हत्या सहित संबंधित धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article