अयोध्या/लखनऊ। महंत विवेक अचारी ने राम मंदिर निर्माण की लागत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण पर करीब 2,100 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही जा रही है, जबकि 67 एकड़ भूमि केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने निर्माण कार्य का ऑडिट कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ जाएगी।
महंत विवेक अचारी ने अपने बयान में कहा कि दुबई के बीएपीएस हिंदू मंदिर का निर्माण लगभग 700 करोड़ रुपये में हुआ, जिसकी भव्यता पूरी दुनिया देख रही है। उन्होंने इसकी तुलना अयोध्या के राम मंदिर निर्माण से करते हुए खर्च को लेकर पारदर्शिता की आवश्यकता जताई।
उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए तो वास्तविक लागत और खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक हो सकेगा। उनका कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इतने बड़े प्रकल्प में वित्तीय पारदर्शिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उल्लेखनीय है कि राम मंदिर निर्माण की लागत और चंदे को लेकर हाल के दिनों में विभिन्न पक्षों की ओर से सवाल और बयान सामने आए हैं। वहीं, मंदिर निर्माण और ट्रस्ट के संचालन से जुड़े मामलों पर सार्वजनिक बहस भी तेज हुई है।
हालांकि, राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से महंत विवेक अचारी के इस ताजा बयान पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


