38 C
Lucknow
Friday, July 3, 2026

रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आए सेवानिवृत्त शिक्षक, इलाके में मचा हड़कंप

Must read

चंदौली: यूपी के चंदौली (Chandauli) में अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक (railway tracks) पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुछमन गांव निवासी 79 वर्षीय लल्लन यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद करीब चार घंटे तक शव रेलवे ट्रैक पर पड़े रहने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

जानकारी के अनुसार, लल्लन यादव अलसुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह कुछमन रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पार कर रहे थे तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई थी, लेकिन सूचना के बावजूद करीब चार घंटे तक कोई अधिकारी या पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान शव रेलवे ट्रैक पर ही पड़ा रहा, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और जीआरपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया और मौके पर विरोध जताया।

करीब चार घंटे बाद तारा जीवनपुर चौकी प्रभारी और जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं में पुलिस और रेलवे प्रशासन तत्काल मौके पर पहुंचे, ताकि मृतक के परिजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article