अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के बीच अब मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर भी नए आरोप सामने आए हैं। कर्नाटक के सामाजिक कार्यकर्ता एवं रामभक्त दीपक पाटिल ने उत्तर प्रदेश एसआईटी को शिकायत भेजकर भाजपा विधायक प्रभु चव्हाण, विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) नेता गोपालजी तथा उनके सहयोगी सतीश नौबड़े के खिलाफ जांच की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुईं और चंदे की राशि का दुरुपयोग कर बेहिसाब संपत्तियां बनाई गईं।
शिकायतकर्ता का दावा है कि चंदा संग्रह अभियान के दौरान संबंधित लोगों की संपत्तियों में असामान्य वृद्धि हुई और करोड़ों रुपये के कथित गबन के साक्ष्य मौजूद हैं। दीपक पाटिल ने एसआईटी को कुछ दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी सौंपे हैं तथा आरोपियों की कथित बेनामी चल-अचल संपत्तियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पहले से ही जांच एजेंसियों के रडार पर है। ऐसे में चंदा संग्रह से जुड़े इन नए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। शिकायत सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, संबंधित आरोपों की अभी जांच चल रही है और इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


