अयोध्या। राम मंदिर के दान पात्र से चढ़ावा चोरी के मामले पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर चुप रहने को लेकर लोग लगातार सवाल पूछ रहे हैं, लेकिन “जिन्होंने भगवान को नहीं छोड़ा, वे हमें क्या छोड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने इस मामले में “पर्ची खोलकर नाम बता दिए तो उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि देश में कानून व्यवस्था की स्थिति ऐसी हो गई है कि “भारत का कानून मकड़ी के जाले की तरह है, जिसमें छोटे लोग फंस जाते हैं और बड़े लोग आसानी से निकल जाते हैं।” उनका कहना था कि अब तक इस मामले में किसी बड़े जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई न होना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा, “लोग पूछते हैं कि पर्ची क्यों नहीं खोलते? अगर हमने पर्ची खोल दी तो आज नहीं तो कल हमें भी निपटा देंगे। फिर हम किसी और का नाम भी नहीं बता पाएंगे। इसलिए अभी चुप रहना ही बेहतर है।राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर धीरेंद्र शास्त्री का यह बयान अब राजनीतिक और धार्मिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। उनके बयान ने मामले को और अधिक संवेदनशील बना दिया है, जबकि इस पूरे प्रकरण की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


