अमृतपुर, फर्रुखाबाद
थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम रतनपुर पमारान निवासी शिशुपाल सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर बिजली विभाग के कुछ अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ता के अनुसार गांव की पुरानी रंजिश के चलते उनके विरोधियों द्वारा लगातार शिकायतें कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि हाल ही में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम एवं पुलिसकर्मी उनके घर जांच के लिए पहुंचे। इस दौरान जांच प्रक्रिया और व्यवहार को लेकर उन्होंने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि उनके परिवार, विशेषकर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई तथा बिना उचित प्रक्रिया अपनाए उनके घर की बिजली आपूर्ति काट दी गई।प्रार्थना-पत्र में शिकायतकर्ता ने यह भी उल्लेख किया है कि उनके घर पर वैध बिजली कनेक्शन के साथ सोलर प्लांट और जनरेटर की व्यवस्था मौजूद है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा मामला समाप्त कराने के नाम पर धनराशि की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने इन आरोपों के समर्थन में सीसीटीवी एवं जीपीएस वीडियो उपलब्ध होने का भी दावा किया है।शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कराने की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में बिजली विभाग एवं पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। मामले की सत्यता प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


