क्रासर
अचेत अवस्था में फंदे से उतारकर लोहिया अस्पताल में कराया भर्ती, हालत में सुधार के लिए उपचार जारी
फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी द्वारा अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। समय रहते परिजनों की नजर पड़ने पर किशोरी को फंदे से नीचे उतार लिया गया और गंभीर हालत में तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव धरमपुर निवासी संजीव की 16 वर्षीय पुत्री कोमल ने देर रात अपने कमरे के अंदर किसी अज्ञात कारण से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल न होने पर परिजनों को संदेह हुआ। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो किशोरी फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने बिना समय गंवाए किशोरी को फंदे से नीचे उतारा और निजी वाहन की सहायता से तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। फिलहाल किशोरी द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी किसी ठोस कारण की जानकारी नहीं दे सके हैं। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस मामले की जानकारी मिलने पर आवश्यक जांच कर सकती है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
कमरे में फांसी लगाकर किशोरी ने की आत्महत्या की कोशिश, परिजनों की सतर्कता से बची जान


