लखनऊ। राजधानी के नाका हिंडोला थाना क्षेत्र में घर के बाहर पेशाब करने से रोकना एक परिवार को भारी पड़ गया। विरोध करने पर पड़ोसी दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने बीच-बचाव करने आई महिला को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की।
पीड़ित गुरइकबाल सिंह ने नाका हिंडोला थाने में तहरीर देकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर निशान चौरसिया, मोहित और सूरज को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना थाना क्षेत्र के पानदरीबा इलाके की बताई जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि घर के बाहर पेशाब करने से मना करने पर आरोपी आगबबूला हो गए और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के कई सदस्य चोटिल हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


