नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। नवाबगंज नगर के फर्रुखाबाद मार्ग स्थित बिजलीघर के पास साइकिल पर बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने एक युवक को घेरकर मारपीट की और उसके हाथ पर ईंट से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नवाबगंज निवासी अच्छू पुत्र मुकेश बिजलीघर के पास बैठे थे। इसी दौरान पास के गांव सिरमौर निवासी एक युवक की साइकिल वहां खड़ी थी। बताया जाता है कि अच्छू साइकिल पर बैठ गए, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सिरमौर निवासी युवक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर अच्छू के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने ईंट से उनके हाथ पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल अच्छू ने अपने परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें लेकर नवाबगंज थाने पहुंचे और नामजद आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


