– शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर
लखनऊ। राजधानी में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर महानगर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस टीम दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रख रही है। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध चालान व अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
महानगर पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना और आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।


