कंपिल (फर्रुखाबाद)। शादी समारोह से दावत खाकर घर लौट रहे पिता-पुत्र के साथ रास्ते में गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं एक आरोपी को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र के गांव पलीतपुरा निवासी श्यामपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जून की देर रात वह अपने पुत्र शाहवीर के साथ पड़ोसी गांव पथरामई निवासी दलेश सिंह की पुत्री के विवाह समारोह से दावत खाकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में रामफल के घर के पास अमित, अमरीश (निवासी पलीतपुरा), संतराम, अंकित, सर्वेश, वाचाराम, मोहित, आशीष (निवासी पथरामई) तथा जनपद बदायूं के गांव नौगमा निवासी सुनील ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि सभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर कुछ आरोपियों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर सभी नौ आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी अमित को एक तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


