फर्रुखाबाद। शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल करते हुए शमसाबाद क्षेत्र के ग्राम मुरैली में क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम सिंह द्वारा छात्रों के लिए एक नि:शुल्क पुस्तकालय की स्थापना कराई गई। पुस्तकालय का लोकार्पण शमसाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों का अभाव होने से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और नियमित अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधन नहीं मिल पाते। ऐसे में गांव में नि:शुल्क पुस्तकालय की स्थापना छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों को इस पुस्तकालय के संचालन और विकास में सहयोग करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें।
क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम सिंह ने बताया कि पुस्तकालय का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन का वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां आसपास के गांवों के छात्र-छात्राएं भी नि:शुल्क आकर पुस्तकें पढ़ सकेंगे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है और भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं वैभव, वर्तिका, दुर्गा, शिखा, योगेश और राबिन को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पवन यादव, पियूष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। गांव के लोगों ने पुस्तकालय की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा और शिक्षा के प्रति नई जागरूकता पैदा होगी।
ग्रामीण शिक्षा को नई उड़ान: मुरैली में नि:शुल्क पुस्तकालय का शुभारंभ, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान


