मैनपुरी। खाद की कमी और लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में भारतीय किसान क्रांति यूनियन के बैनर तले किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान कचहरी परिसर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने कहा कि खेती के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
इसके बाद किसान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को मांगपत्र सौंपते हुए खाद की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं प्रशासन की ओर से किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।


