शमशाबाद, फर्रुखाबाद। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासनों के बावजूद शमशाबाद मंडी में मक्का खरीद शुरू न होने से किसानों में भारी नाराजगी है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के नेताओं ने प्रशासन पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मक्का खरीद शुरू नहीं कराई गई तो किसान धरना-प्रदर्शन और बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
गंगा रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर भाकियू (अराजनैतिक) के जिला महासचिव संजय गंगवार की अध्यक्षता में किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के किसानों ने अपनी प्रमुख समस्याएं उठाईं और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने कहा कि शमशाबाद मंडी में प्रत्येक वर्ष मक्का खरीद केंद्र संचालित होता है, जहां सरकारी खरीद होने से किसानों को उचित मूल्य मिलता है। लेकिन इस वर्ष अब तक खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर निजी व्यापारियों को बेचने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है।
जिला महासचिव संजय गंगवार ने बताया कि इस संबंध में पहले ही जिलाधिकारी फर्रुखाबाद और उपजिलाधिकारी कायमगंज को ज्ञापन देकर मक्का खरीद तत्काल शुरू कराने की मांग की गई थी। अधिकारियों ने जल्द खरीद शुरू कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश यदि मंडी स्तर पर लागू नहीं हो रहे हैं तो इससे किसानों का भरोसा टूट रहा है।
बैठक में किसानों ने कहा कि सरकारी खरीद में हो रही देरी के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि समय रहते खरीद शुरू नहीं हुई तो किसान संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में किसानों ने आवारा पशुओं की समस्या को भी गंभीर बताते हुए कहा कि शहर से लेकर गांवों तक छुट्टा गोवंश किसानों की फसलों को लगातार बर्बाद कर रहा है। लाखों रुपये की लागत से तैयार की गई फसलें नष्ट हो रही हैं, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि आवारा पशुओं को तत्काल पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाए, ताकि फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।
इसके अलावा किसानों ने निचली गंगा नहर में लंबे समय से पानी न छोड़े जाने का मुद्दा भी उठाया। किसानों का कहना था कि सिंचाई के अभाव में हजारों बीघा फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। भीषण गर्मी के बीच खेतों के साथ-साथ बेजुबान पशु-पक्षी भी पानी के अभाव में परेशान हैं। किसानों ने मांग की कि निचली गंगा नहर में तत्काल पानी छोड़कर टेल तक पहुंचाया जाए, जिससे सिंचाई व्यवस्था सुचारु हो सके।
बैठक के अंत में भाकियू (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ और मक्का खरीद केंद्र तत्काल संचालित नहीं किया गया तो संगठन व्यापक धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन शुरू करेगा।
बैठक में जिला महासचिव संजय गंगवार, रामबरन यादव, नरेंद्र सिंह शाक्य, बृजेश कुमार राजपूत, रामनिवास पलिया, रोशन लाल, सलमान अहमद, बाबूराम, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
प्रशासनिक आदेश बेअसर, शमशाबाद मंडी में नहीं शुरू हुई मक्का खरीद; भाकियू ने आंदोलन की दी चेतावनी


