41.3 C
Lucknow
Monday, June 29, 2026

सीएम योगी ने 569 करोड़ की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

Must read

 

नागरिकता और तुष्टिकरण के मुद्दे पर कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना

पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 569 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार नई परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बांग्लादेश से वर्षों पहले विस्थापित होकर पीलीभीत में बसे हिंदू, बौद्ध और जैन परिवारों को भारतीय नागरिकता मिलने पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि करीब 55-56 वर्ष पहले विस्थापित होकर आए इन परिवारों को अब नागरिकता मिलने से नया जीवन मिला है और अब उन्हें कोई बाहरी नहीं कह सकता। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को दिया।

सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के विभाजन और विस्थापित परिवारों की उपेक्षा के लिए कांग्रेस जिम्मेदार रही। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस और सपा ने इन विस्थापित परिवारों की चिंता नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों की राजनीति केवल तुष्टिकरण तक सीमित रही।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रहे औद्योगिक और रक्षा क्षेत्र के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज ब्रह्मोस मिसाइल जैसी अत्याधुनिक रक्षा परियोजनाओं का निर्माण कर रहा है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों के समय कानून-व्यवस्था और अपराध का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सभी वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article