अयोध्या।राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर श्रद्धालुओं में नाराजगी और चिंता देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर के बाहर कई श्रद्धालुओं ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था को गहरी ठेस पहुंचाती हैं।
कुछ श्रद्धालुओं ने कहा कि अब मंदिर में दान करने का मन नहीं करता। उनका कहना था कि यदि दान की राशि का सही उपयोग नहीं हो रहा है तो उससे बेहतर किसी जरूरतमंद या गरीब को भोजन कराया जाए। श्रद्धालुओं ने यह भी कहा कि मंदिर में चढ़ाया गया दान भगवान के प्रति श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक होता है, इसलिए उसके साथ किसी भी प्रकार की अनियमितता अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
श्रद्धालुओं ने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में कठोर दंड ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगा सकता है।
श्रद्धालुओं ने यह भी कहा कि यह मामला केवल धन का नहीं, बल्कि सनातन धर्म और करोड़ों भक्तों की आस्था से जुड़ा है। इसलिए जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए और दोषियों को किसी भी स्तर पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।


