38.3 C
Lucknow
Sunday, June 28, 2026

फतेहगढ़ में दो दर्जन दुकानदारों का हंगामा, सपा नेता पर 20 लाख की अवैध उगाही का आरोप, दुकानों पर लगाए ‘पलायन’ के पोस्टर

Must read

पीडब्ल्यूडी की ध्वस्तीकरण कार्रवाई पर उठे सवाल, दुकानदार बोले- रुपये न देने पर कराया जा रहा उत्पीड़न; प्रशासनिक जांच की मांग
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ रेलवे रोड स्थित करीब दो दर्जन दुकानदारों ने समाजवादी पार्टी के नेता समीर यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनी फैला दी है। दुकानदारों का आरोप है कि उनसे 20 लाख रुपये की अवैध मांग की गई और रकम देने से इनकार करने पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से सांठगांठ कर उनकी दुकानों को ध्वस्त कराने की कार्रवाई कराई जा रही है। आरोपों से आहत व्यापारियों ने विरोध के अनोखे तरीके के तहत अपनी दुकानों पर “पलायन” के पोस्टर लगा दिए, जिससे पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
दुकानदारों का कहना है कि वर्षों से रेलवे रोड पर अपनी दुकानें संचालित कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कुछ दिनों से उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और 20 लाख रुपये की मांग की गई। जब उन्होंने कथित तौर पर यह मांग पूरी करने से इनकार किया तो पीडब्ल्यूडी द्वारा मुनादी कराकर 24 घंटे के भीतर दुकानें खाली करने का नोटिस जारी कर दिया गया।
व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन की इस कार्रवाई से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि बिना उनकी बात सुने एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। इसी के विरोध में उन्होंने दुकानों पर पलायन के पोस्टर चस्पा कर अपना विरोध दर्ज कराया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
इस मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय व्यापारियों में भी कार्रवाई को लेकर असंतोष देखा जा रहा है। उनका कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
हालांकि, इस पूरे मामले में समाजवादी पार्टी के नेता समीर यादव की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन की ओर से भी आरोपों पर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article