सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर, उपचार से पहले तोड़ा दम; जवान बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
अमृतपुर
थाना अमृतपुर क्षेत्र के खुशहाली नगला मोड़ पर रविवार को ईंटों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट जाने से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, आकाश पुत्र गिरीश चंद्र (20) निवासी ग्राम सोतेपुर, थाना कायमगंज, भट्टे से ईंटें लेकर ट्रैक्टर से लौट रहा था। दोपहर के समय जैसे ही ट्रैक्टर खुशहाली नगला मोड़ के पास पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आकाश संभल नहीं सका और ट्रैक्टर के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना अमृतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर आकाश को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल आकाश को 108 एंबुलेंस से सीएचसी राजेपुर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आकाश की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में मां शीला अपने बेटे का नाम लेकर बिलखती रहीं। बड़े भाई आलोक, बहन दिव्या और सोनम सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी यह दृश्य देखकर नम हो गईं। बताया गया कि आकाश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और परिवार की जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था।
उधर, घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खुशहाली नगला मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।


