प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि लोक निर्माण विभाग (PWD) अब एक किलोमीटर से कम लंबाई की सड़कें नहीं बनाएगा। ऐसी सड़कें अब ग्राम पंचायत, जिला पंचायत और नगर निकायों के माध्यम से तैयार कराई जाएंगी। सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 70 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं दी जाएंगी। चालू वित्तीय वर्ष में सड़क और पुल निर्माण के लिए 36 हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जबकि जिलों से अब तक 1.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
एक जुलाई से स्कूल बसों की होगी विशेष जांच
प्रदेशभर में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक स्कूल बसों का विशेष फिटनेस अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों, फिटनेस प्रमाणपत्र, दस्तावेजों और चालकों के भौतिक सत्यापन की विस्तृत जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राम मंदिर जमीन सौदों की भी जांच करेगी एसआईटी
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच के साथ अब जमीन खरीद से जुड़े कथित संदिग्ध सौदों की भी जांच एसआईटी करेगी। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए करीब 600 पृष्ठों के दस्तावेज भी जांच के दायरे में शामिल किए गए हैं। एसआईटी मंदिर से जुड़े सभी संदिग्ध वित्तीय और भूमि लेन-देन की पड़ताल करेगी।
लाल किला विस्फोट मामले में एनआईए की नई चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दिल्ली के लाल किला क्षेत्र विस्फोट मामले में तीन नए आरोपियों को नामजद करते हुए आरोपपत्र दाखिल किया है। चार्जशीट में ज़मीर अहमद अहंगर, तुफैल अहमद भट और मुज़फ़्फर अहमद के नाम शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही मामले में कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। मुख्य आरोपी डॉ. उमर उन नबी की पहले ही मौत हो चुकी है।
कन्नौज मेडिकल कॉलेज में वार्ड बॉय पर अभद्रता का आरोप
कन्नौज के तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में वार्ड बॉय पर मरीज और तीमारदार के साथ धक्का-मुक्की व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


