शमशाबाद/फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में चढ़ावे के दौरान कान के आभूषण (झुमके) न होने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि शादी टूट गई। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि दुल्हन पक्ष ने विवाह से इनकार कर दिया और चढ़ावे व गोदभराई में दिए गए सोने-चांदी के जेवर तथा अन्य सामान वापस नहीं किया। मामले में दूल्हे के पिता ने शमशाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और सामान वापस दिलाने की मांग की है।
एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव चिलमापुर निवासी देवेंद्र सिंह यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पुत्र अंकुर यादव का विवाह शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव बिरिया डाड़ा निवासी सुरेश चंद की पुत्री साधना के साथ तय हुआ था। निर्धारित तिथि पर बारात पूरे धूमधाम से दुल्हन के गांव पहुंची, जहां बारातियों का स्वागत किया गया और जयमाला सहित प्रारंभिक वैवाहिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
आरोप है कि देर रात चढ़ावे की रस्म के दौरान दुल्हन पक्ष ने सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान की मांग की। दूल्हा पक्ष के अनुसार उन्होंने एक सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, हार, चार सोने की चूड़ियां, एक चांदी की करधनी, दो जोड़ी चांदी की पायल, 11 साड़ियां समेत अन्य सामान सौंप दिया। इसके बावजूद कान के आभूषण न होने पर दुल्हन पक्ष नाराज हो गया और विवाद शुरू हो गया।
दूल्हा पक्ष का कहना है कि उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो आभूषण छूट गए हैं, उन्हें बाद में बनवाकर दे दिया जाएगा, लेकिन दुल्हन पक्ष इस पर राजी नहीं हुआ। आरोप है कि सुरेश चंद, टिंकल उर्फ टिंकू और परिवार के अन्य सदस्य गाली-गलौज पर उतर आए और विवाह करने से इनकार कर दिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान बारात में आई महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा उनके जेवर छीनने का भी प्रयास किया गया। स्थिति बिगड़ती देख दूल्हा पक्ष किसी तरह बारातियों को सुरक्षित लेकर वहां से लौट गया।
देवेंद्र सिंह का कहना है कि गोदभराई के समय भी एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो साड़ियां तथा 10 हजार रुपये मूल्य का अन्य सामान दिया गया था। अब विवाह टूटने के बाद दुल्हन पक्ष ने वह सामान भी वापस नहीं किया।
पीड़ित ने शमशाबाद थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने तथा दुल्हन पक्ष को दिए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुल्हन पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
चढ़ावे में कान के आभूषण न होने पर टूटी शादी, दूल्हा पक्ष का आरोप- जेवर हड़पकर बारात लौटाई


