किशोरी से छेड़छाड़ के विरोध में चाचा पर हुए हमले के मुकदमे में लगातार कार्रवाई, उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह ने दबोचा आरोपी
अमृतपुर, फर्रुखाबाद
थाना राजेपुर क्षेत्र के चर्चित पॉक्सो एवं जानलेवा हमले के मामले में राजेपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने मुकदमे में वांछित एक और आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। लगातार हो रही गिरफ्तारियों से आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजेपुर पुलिस को यह सफलता मिली। उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 में वांछित अभियुक्त इन्दरपाल पुत्र पूरनलाल, निवासी ग्राम सीढ़ेचकरपुर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 333, 74, 109, 352, 351(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय फतेहगढ़ में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि इसी मुकदमे में पहले भी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। राजेपुर पुलिस प्रत्येक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध है।


