लखनऊ। संभल जिले में राइस फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे में श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू अभियान पूरी तत्परता से चलाया जाए, ताकि यदि कोई व्यक्ति मलबे में फंसा हो तो उसे शीघ्र सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
सीएम योगी ने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही हादसे में घायल लोगों को तत्काल और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा उनके इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।


