नवाबगंज। थाना क्षेत्र में बुधवार को एक लकड़ी लदे डीसीएम चालक की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डीसीएम से निकली लकड़ी पहले एक ट्रैक्टर की छतरी से टकराई, जिससे चालक को जान बचाने के लिए चलते ट्रैक्टर से कूदना पड़ा। इसके बाद भागते समय डीसीएम ने एक साइकिल सवार को भी टक्कर मार दी। गुस्साए लोगों ने करीब 20 किलोमीटर तक पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार बिरसिंहपुर निवासी ब्रजेश सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली से मक्का लेकर मोहम्मदाबाद रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे लकड़ी लदे डीसीएम से बाहर निकली लकड़ी ट्रैक्टर की छतरी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि छतरी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते देख ट्रैक्टर चालक ब्रजेश सिंह ने तत्काल कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। ब्रजेश सिंह ने अपने परिचितों और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। इसी बीच तेज रफ्तार डीसीएम ने वीरपुर के पास एक साइकिल सवार को भी टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
लगातार दुर्घटनाएं करने के बाद भी चालक नहीं रुका, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसका पीछा शुरू कर दिया। लगभग 20 किलोमीटर तक चले पीछा करने के बाद लोगों ने हथौड़ा मोड़ के पास डीसीएम को रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते वाहन नहीं रोका जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
पकड़े गए डीसीएम और चालक को नवाबगंज थाने लाया गया। पीड़ित ब्रजेश सिंह ने चालक के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


