35.7 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

आबकारी विभाग का सघन अभियान, शराब दुकानों पर औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

Must read

 

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अपना प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में बुधवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने विभागीय टीम के साथ विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नेकपुर चौरासी, आवास विकास तथा बाग लकुला स्थित देशी शराब और कम्पोजिट दुकानों की गहन जांच की गई।

आबकारी टीम ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। अधिकारियों ने दुकानदारों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान भी किया गया। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अवैध मदिरा के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article