लखनऊ। प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के अनुपालन की जांच के बीच राजधानी लखनऊ में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त निरीक्षण अभियान के तहत आकाश कोचिंग और ग्रैविटी कोचिंग संस्थानों में छापेमारी की गई।
यह कार्रवाई दमकल विभाग, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और बिजली विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा मानकों तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों की जांच की गई।
जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने ग्रैविटी कोचिंग को सील कर दिया। अधिकारियों ने संस्थान में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं और नियमों के अनुपालन से संबंधित बिंदुओं की गहन जांच की।
प्रदेश सरकार द्वारा कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में भी अनेक कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सीलिंग और नोटिस की कार्रवाई की जा चुकी है।
अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, भवन मानकों या अन्य नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जांच अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।


