बेंगलुरु, लखनऊ । उत्तर प्रदेश में निवेश और तकनीकी क्षेत्र के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेंगलुरु में गूगल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) से जुड़े विषयों और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर केंद्रित रही।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को विस्तार से रखा। उन्होंने प्रदेश सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों, बेहतर कानून-व्यवस्था और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण की जानकारी भी दी।
गूगल के अधिकारियों के साथ हुई चर्चा में उत्तर प्रदेश में तकनीकी निवेश, रोजगार सृजन, नवाचार और डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश को देश का प्रमुख टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हब बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
बताया जा रहा है कि बैठक में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर की संभावनाओं, कौशल विकास, स्टार्टअप इकोसिस्टम तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों पर भी चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश सरकार बड़े वैश्विक तकनीकी निवेशकों को प्रदेश में आकर्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा राज्य में उच्च तकनीकी निवेश लाने और वैश्विक कंपनियों के साथ साझेदारी को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। सरकार को उम्मीद है कि ऐसे संवादों से उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और तकनीकी क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे।


