– आज अयोध्या पहुंच सकती है टीम
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा और दान सामग्री से जुड़े मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी ) आज अयोध्या पहुंच सकती है। सूत्रों के अनुसार मामले की जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और दूसरे चरण की जांच राम मंदिर परिसर में शुरू की जा सकती है।
सूत्रों का दावा है कि एसआईटी अब तक मामले की लगभग 80 प्रतिशत जांच पूरी कर चुकी है। पहले चरण में टीम ने संबंधित दस्तावेजों, अभिलेखों और विभिन्न पक्षों से जुड़े तथ्यों का परीक्षण किया है। अब दूसरे चरण में मंदिर परिसर और उससे जुड़े अन्य बिंदुओं की गहन पड़ताल की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार जांच दल कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन करेगा। इसके साथ ही आवश्यक होने पर संबंधित व्यक्तियों से दोबारा पूछताछ भी की जा सकती है। जांच के दौरान दान, चढ़ावे और अन्य सामग्री के प्रबंधन से जुड़े पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक दूसरे चरण की जांच पूरी होने के बाद एसआईटी अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे शासन को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और निर्णय लिए जाने की संभावना है।
हालांकि एसआईटी अथवा शासन की ओर से अभी तक जांच के 80 प्रतिशत पूर्ण होने या आज अयोध्या पहुंचने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि अंतिम रिपोर्ट से पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।


