कानपुर। लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड के बाद प्रशासन और विकास प्राधिकरण हरकत में आ गए हैं। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काकादेव क्षेत्र में संचालित 16 कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया है।
केडीए की जांच में पाया गया कि कई भवन स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्मित किए गए थे और उनका उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान देश के चर्चित कोचिंग संस्थान “फिजिक्स वाला” समेत 16 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया।
इसके अलावा 22 अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों के अनुसार काकादेव क्षेत्र में कई कोचिंग सेंटर बेसमेंट में संचालित हो रहे थे, जो सुरक्षा मानकों के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
लखनऊ अग्निकांड में 18 लोगों की मौत के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बहुमंजिला भवनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। इसी क्रम में कानपुर में भी व्यापक अभियान चलाया गया।
केडीए अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और छात्रों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


