39.8 C
Lucknow
Monday, June 22, 2026

मृतकों की संख्या 15 पहुंची, घटनास्थल पहुंचे मुख्यमंत्री योगी; जांच और कार्रवाई के निर्देश

Must read

लखनऊ। राजधानी के अलीगंज थाना क्षेत्र स्थित पुरनिया इलाके में कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। आग की भयावहता और जनहानि को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए।

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद कोचिंग संस्थान में अफरा-तफरी मच गई थी। धुएं और आग की लपटों के कारण कई छात्र-छात्राएं अंदर फंस गए। बचाव के प्रयास में कुछ लोगों ने छज्जों और ऊपरी मंजिलों से छलांग भी लगाई। दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमों ने घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को हादसे के कारणों की गहन जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी कोचिंग संस्थानों और व्यावसायिक भवनों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदय विदारक घटना है। प्रदेश सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

उधर, प्रशासन ने मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है, जहां वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article