43.3 C
Lucknow
Monday, June 22, 2026

भूसा भरी पिकअप ने उजाड़ दिया परिवार, दंपती की मौत से मचा कोहराम, मासूम बेटा जिंदगी से लड़ रहा जंग

Must read

फर्रुखाबाद। एक शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने निकला परिवार कभी वापस घर नहीं लौट सका। बरेली-फर्रुखाबाद हाईवे पर रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। भूसा से भरी पिकअप की टक्कर से पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जनपद के अल्लाहगंज कस्बा निवासी संतोष शर्मा (45) अपनी पत्नी किरन शर्मा (42) और 10 वर्षीय पुत्र शोभित के साथ बाइक से रिश्तेदारी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। परिवार खुशी-खुशी घर से निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। अल्लाहगंज से करीब दो किलोमीटर दूर जलालाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार भूसा भरी पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि किरन शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष शर्मा और उनके पुत्र शोभित को तत्काल उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद लाया गया। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद संतोष शर्मा की भी जान नहीं बच सकी। वहीं मासूम शोभित का उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। जिन लोगों के घर शादी की खुशियों की बातें हो रही थीं, वहां अचानक मातम छा गया। मृतक दंपती के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और मोहल्ले में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर उस मासूम बच्चे का क्या होगा, जिसने एक ही पल में अपने माता-पिता दोनों को खो दिया।

पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी है। वहीं इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article