फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव मंझगवा में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंझगवा निवासी विजय कुमार पुत्र शीशराम रविवार रात अपने खेत से घर लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विजय कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की सहायता से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज ले जाया गया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. मानसिंह वर्मा ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।
परिजन अस्पताल में घायल युवक के उपचार में जुटे हुए हैं।


