फर्रुखाबाद। कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास में अंग्रेजी शराब की दुकान पर रविवार देर रात कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने सेल्समैन को दुकान से हटाने की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी अभद्रता की। घटना में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आवास विकास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान उन्नाव निवासी शुभम जायसवाल की पत्नी के नाम पर संचालित है। रविवार देर रात कुछ युवक दुकान पर पहुंचे और दुकान के मैनेजर दीपक कुमार से सेल्समैन को तत्काल हटाने की मांग करने लगे। मैनेजर ने उन्हें समझाते हुए सोमवार सुबह तक कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन आरोपी युवक नहीं माने।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद विवाद बढ़ गया और युवकों ने सेल्समैन को पकड़कर दुकान से बाहर खींच लिया। इसके बाद उसके साथ लात-घूंसों और थप्पड़ों से जमकर मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे ठेका संचालक शुभम जायसवाल को भी चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ करने का भी प्रयास किया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकान कर्मचारियों ने घायल सेल्समैन को तत्काल लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कई युवक मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दुकान मैनेजर दीपक कुमार ने बताया कि सेल्समैन ने फोन कर सूचना दी थी कि कुछ लोग दुकान पर आकर बिक्री नहीं करने दे रहे हैं और मशीन भी उठा ले गए हैं। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने आरोपियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि 6 से 7 लोगों ने मिलकर सेल्समैन और उनके साथ हाथापाई की।
आवास विकास चौकी प्रभारी ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है। अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


