पथानामथिट्टा: विश्व प्रसिद्ध सबरीमाला भगवान अयप्पा मंदिर (Sabarimala Lord Ayyappa Temple) की सुरक्षा अब हाईटेक होने वाली है। आगामी तीर्थयात्रा सीजन से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए मंदिर प्रशासन आधुनिक विज्ञान की मदद लेने जा रहा है। जानकारी के अनुसार त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (TDB) मंदिर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित एक आधुनिक ‘पिल्ग्रिम मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू करने पर विचार कर रहा है।
TDB के अध्यक्ष के. जयकुमार ने देश भर के विशेषज्ञों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह AI पहल ‘विज़न सबरीमाला’ प्रोजेक्ट का हिस्सा है, जिसे पहले ही केरल हाई कोर्ट के सामने रखा जा चुका है और कोर्ट ने इसे मंज़ूरी भी दे दी है।
कैसे काम करेगा AI-बेस्ड सिस्टम?
- बैठक में शामिल ADGP मनोज अब्राहम ने इस तकनीक की बारीकियों को शेयर किया। उन्होंने बताया कि यह प्लेटफॉर्म कई आधुनिक तकनीकों का एक मिश्रण होगा:-
- हाई-रिज़ॉल्यूशन कैमरे, इन्फ्रारेड सेंसर, ड्रोन और जीपीएस मैपिंग के जरिए तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर नज़र रखी जाएगी। सिस्टम भीड़ बढ़ने से पहले ही उसकी भविष्यवाणी कर देगा।
- यदि रास्ते में कहीं भी जाम या भारी भीड़ की स्थिति बनने वाली होगी, तो AI सिस्टम अधिकारियों को तुरंत अलर्ट और जरूरी कदम उठाने के सुझाव भेजेगा। भारी बारिश या बिजली गिरने जैसी आपातकालीन स्थितियों में भी यह मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा।
- जैसे गूगल मैप्स वाहन चालकों को रास्ता दिखाता है, वैसे ही यह सिस्टम श्रद्धालुओं को लाइव अपडेट देगा कि किस रास्ते पर कितनी भीड़ है और उन्हें दर्शन के लिए कितना इंतजार करना पड़ सकता है।
- इस तकनीक के आने से हर साल भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती पर निर्भरता कम होगी और हर सीजन में अधिकारियों के बदलने के बावजूद भीड़ प्रबंधन का तरीका एक समान बना रहेगा।
पठानमथिट्टा जिला पुलिस प्रमुख आर. आनंद ने बताया कि सुरक्षा और लापता लोगों की तलाश के लिए ‘फेशियल रिकग्निशन’ का इस्तेमाल किया जाएगा। भीड़भाड़ में यदि कोई बच्चा या बुजुर्ग लापता हो जाता है, तो उसकी तस्वीर को इस कैमरा नेटवर्क में अपलोड करते ही उसे कुछ ही मिनटों में ट्रैक कर लिया जाएगा। इसके अलावा, यह तकनीक संदिग्धों की पहचान करने में भी पुलिस की मदद करेगी।
TDB अध्यक्ष जयकुमार के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के लिए पुलिस विभाग के साथ अंतिम दौर की चर्चा चल रही है। जल्द ही इसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल या एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जारी किया जाएगा। बोर्ड का लक्ष्य अगस्त महीने तक सभी प्रारंभिक और तकनीकी प्रक्रियाओं को पूरा कर काम आवंटित करना है, ताकि इस सीजन में इसे जमीन पर उतारा जा सके।
हाल ही के दिनों में कई ऐसी घटनाएं दर्ज की गईं है जिसमें मंदिर में भारी भीड़ के चलते अचानक भगदड़ मचने से कई श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ऐसी अप्रत्याशित घटनाओं से बचने के लिए अब सबरीमाला मंदिर प्रशासन आधुनिक विज्ञान की मदद ले रहा है।


