लखनऊ। राजधानी में बिना नम्बर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों, मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा पिछले तीन दिनों में चलाए गए अभियान के दौरान बिना नम्बर प्लेट के 105 वाहनों को पकड़ा गया। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान और अन्य वैधानिक कार्रवाई की है।
अधिकारियों के अनुसार बिना नम्बर प्लेट वाले वाहन अपराधों में इस्तेमाल होने की आशंका अधिक रहती है, जिससे उनकी पहचान करने में कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि वाहन स्वामियों को निर्धारित नियमों के अनुसार नम्बर प्लेट लगवाना अनिवार्य है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर मानक नम्बर प्लेट अवश्य लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।


