फर्रुखाबाद। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कानपुर परिक्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। कुल 84 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सर्वाधिक 40 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग की 18, विद्युत विभाग की 5, विकास विभाग की 4, चकबंदी विभाग की 1, चिकित्सा विभाग की 3, लोक निर्माण विभाग की 1 तथा अन्य विभागों से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं।
अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि उनका स्थायी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण एवं संयुक्त जांच कर समस्याओं का समाधान किया जाए।
उप पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक मामले पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और सुशासन की प्रभावी व्यवस्था है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिला स्तरीय अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों, तहसील प्रशासन, पुलिस विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर शिकायतों के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।


