डीजे की तेज धुनों के बीच चली गोली, खुशियों का माहौल पलभर में बदला दहशत में; पुलिस जांच में जुटी
अमृतपुर, फर्रुखाबाद
- थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव पिथनापुर-कोटियापुर में शुक्रवार देर रात आयोजित नामकरण संस्कार समारोह उस समय खूनी घटना में बदल गया, जब जश्न के माहौल के बीच हुई हर्ष फायरिंग में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई और पूरे गांव में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार गांव निवासी राममूर्ति के घर पुत्र जन्म के उपलक्ष्य में नामकरण संस्कार का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और देर रात तक डीजे की धुन पर जश्न मनाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान राजीव नाम के एक युवक ने कथित रूप से तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से वीरेंद्र पुत्र कल्लू प्रसाद (35 वर्ष) तथा मुकेश पुत्र बड़े लल्ला उम्र 25 वर्ष घायल हो गए।
बताया गया है कि टेंट व्यवसायी वीरेंद्र कार्यक्रम स्थल पर भोजन कर रहा था, तभी अचानक चली गोली उसके हाथ में जा लगी। दूसरी गोली मुकेश को लगने से वह भी घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि परिजन और ग्रामीण घायलों को संभालने में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही अमृतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि देर रात तक डीजे बजने, नशे के माहौल और हथियारों के खुले प्रदर्शन ने इस घटना को जन्म दिया। सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासनिक प्रतिबंधों के बावजूद आखिर खुशी के आयोजनों में हर्ष फायरिंग का सिलसिला कब रुकेगा।घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फायरिंग करने वाले की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई जारी है। गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


