फर्रुखाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट एवं पतंजलि योग समिति द्वारा जनपद में योग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शाम 6 बजे स्वराज कुटीर, फर्रुखाबाद से एक सांकेतिक योग जागरूकता रैली निकाली जाएगी।
जिला प्रभारी मुन्नालाल यादव ने सभी संगठन प्रभारियों, तहसील प्रभारियों, साधकों, मित्रों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रातः 5 बजे मधुर मिलन, फर्रुखाबाद में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधक, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं आम नागरिक भाग लेंगे।
मुन्नालाल यादव ने सभी सहयोगियों, भाई-बहनों और योग प्रेमियों से समय से पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक वैज्ञानिक पद्धति है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
योग दिवस को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है तथा विभिन्न संस्थाओं द्वारा भी योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


