अलीगंज/एटा। नगर के प्रमुख डाक बंगला चौराहे पर स्थापित भगवान श्रीकृष्ण के रथ की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने चिंता व्यक्त की है। भाजपा युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं जनसेवक जॉन यादव ने उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर रथ के सौंदर्यीकरण और मरम्मत की मांग उठाई।
ज्ञापन में कहा गया है कि डाक बंगला चौराहे पर स्थापित भगवान श्रीकृष्ण का रथ लंबे समय से रखरखाव के अभाव में जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। इससे न केवल नगर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं। बरसात का मौसम शुरू होने से पहले रथ की तत्काल मरम्मत कराए जाने अथवा नए भव्य रथ की स्थापना किए जाने की मांग की गई है।
जॉन यादव ने उप जिलाधिकारी को अवगत कराया कि डाक बंगला क्षेत्र नगर की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में चौराहे के समग्र सौंदर्यीकरण की भी आवश्यकता है, जिससे नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नया स्वरूप मिल सके। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर शीघ्र कार्रवाई कराने का अनुरोध किया।
उप जिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनभावनाओं से जुड़े विषयों को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि वर्षों से उपेक्षित पड़े भगवान श्रीकृष्ण के रथ का जल्द सौंदर्यीकरण होगा और नगर के प्रमुख चौराहे को आकर्षक स्वरूप प्राप्त होगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे नगर की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक गरिमा को भी मजबूती मिलेगी।


