फर्रुखाबाद। नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र से जुड़े नगर क्षेत्र समेत लगभग एक सैकड़ा गांवों के लोग इन दिनों भीषण बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। शासन की ओर से नगर क्षेत्रों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नवाबगंज बिजली घर से नगर और ग्रामीण क्षेत्रों को निर्धारित समय के मुकाबले बेहद कम बिजली मिल रही है। गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक की स्थिति पर नजर डालें तो 12 घंटे की अवधि में उपभोक्ताओं को मात्र 5 घंटे ही बिजली उपलब्ध हो सकी। लगातार हो रही अघोषित कटौती के कारण लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक, रात 9 बजे से 12 बजे तक तथा रात 12:05 बजे से 2 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा स्थानीय फॉल्ट के चलते भी कई बार आपूर्ति ठप रही। ऐसे में भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नागरिकों का कहना है कि दिनभर की मेहनत के बाद रात में आराम की उम्मीद रहती है, लेकिन लगातार बिजली कटौती के कारण न तो पंखे चल पा रहे हैं और न ही लोग चैन की नींद सो पा रहे हैं। गर्मी और मच्छरों के बीच पूरी रात जागकर बितानी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि सरकार जहां निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर विभागीय अधिकारी उन निर्देशों को गंभीरता से लागू नहीं कर रहे हैं। लोगों में बढ़ते आक्रोश के बीच विभाग से रात के समय की अघोषित कटौती तत्काल बंद करने तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनप्रतिनिधियों और उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली संकट लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गया है।


