फर्रुखाबाद। मोहल्ला दरिबा पश्चिम स्थित मंदिर की भूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सामाजिक कार्यकर्ता विनीत बाजपेई ने जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को ज्ञापन सौंपकर सात दिन के भीतर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
विनीत बाजपेई का आरोप है कि मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से दुकानें और मकान निर्मित कर लिए गए हैं। इस संबंध में नगर पालिका द्वारा किए गए निरीक्षण एवं जांच में अतिक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इतना ही नहीं, संबंधित प्रकरण में ध्वस्तीकरण का आदेश भी पारित किया जा चुका है, लेकिन दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आदेश का पालन नहीं कराया गया।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई में हो रही देरी से लोगों में गलत संदेश जा रहा है और सार्वजनिक एवं धार्मिक संपत्तियों पर अवैध कब्जों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि सात दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई कर मंदिर की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
विनीत बाजपेई ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह मामले को लेकर माननीय उच्च न्यायालय में रिट याचिका दाखिल करेंगे तथा लोकायुक्त में भी शिकायत दर्ज कराएंगे।
मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।


