42 C
Lucknow
Friday, June 19, 2026

एसी मरम्मत के दौरान कंप्रेशर फटा, दो मिस्त्री गंभीर रूप से झुलसे

Must read

 

फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच शहर के डिग्गी ताल क्षेत्र में शुक्रवार को एसी की मरम्मत के दौरान हुए जोरदार विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो मिस्त्री गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार थाना कादरीगेट क्षेत्र के डिग्गी ताल मोहल्ले में स्थित आर इंटरप्राइजेज नामक इलेक्ट्रॉनिक प्रतिष्ठान पर एयर कंडीशनर की सर्विसिंग और मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी के चलते एसी का कंप्रेशर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट के साथ निकली गर्म गैस और दबाव की चपेट में आकर वहां कार्य कर रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान 40 वर्षीय नाजिम पुत्र नबी हसन निवासी नितगंजा, कोतवाली फर्रुखाबाद तथा 28 वर्षीय अत्ताउल्लाह पुत्र नावेदुल्लाह निवासी बाबरपुर, थाना मऊदरवाजा के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों तक इसकी आवाज सुनाई दी। अचानक हुए विस्फोट से क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर एकत्र हो गए तथा राहत कार्य में सहयोग किया।

घटना के बाद दुकान के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी के मौसम में एसी मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है और ऐसे में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

थाना कादरीगेट प्रभारी निरीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि घटना की कोई औपचारिक सूचना पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने पर आवश्यक जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञ भी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि कंप्रेशर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ। घटना ने एसी मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article