मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। शिवसेना (शिंदे गुट) के एमएलसी चंद्रकांत रघुवंशी ने दावा किया है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के छह लोकसभा सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। रघुवंशी ने इसे ‘ऑपरेशन टाइगर’ बताते हुए कहा कि सांसदों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व पर भरोसा जताया है और उनका गुट में स्वागत किया गया है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उद्धव गुट के कई सांसद शिंदे खेमे के संपर्क में हैं और पार्टी बदलने पर विचार कर रहे हैं। यदि यह दावा सही साबित होता है तो महाराष्ट्र में वर्ष 2022 की तरह एक बार फिर बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो सकता है, जब शिवसेना दो धड़ों में बंट गई थी। इस बीच केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने भी उद्धव गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेताओं की बयानबाजी से पार्टी को नुकसान हो रहा है। वहीं, सांसदों से जुड़े पत्र और संभावित दल-बदल के मामले को लेकर फैसला अब लोकसभा अध्यक्ष के स्तर पर होना है। शिवसेना के स्थापना दिवस से ठीक पहले सामने आए इस घटनाक्रम ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है और सभी की निगाहें आने वाले दिनों के राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हैं।


