बीकानेर: बीकानेर (Bikaner) के बज्जू क्षेत्र से दुःखद खबर सामने आई है। एक ही घर से दो अर्थियां उठीं तो पूरा गांव सन्न रह गया। पिता की मौत की खबर सुनते ही बेटी (Daughter) ने खुद को खत्म कर लिया। चक-3 बीजएएम गांव के रहने वाले परताराम गोदारा किसी जरूरी काम से बज्जू गए थे। वहां अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और वो वहीं गिर पड़े। लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
परताराम का शव जब घर पहुंचा, तो घर में कोहराम मच गया। पिता को बेजान देखकर उनकी बेटी ऋतु का कलेजा फट गया। उसे यकीन ही नहीं हुआ कि उसके सिर से साया उठ गया है। गहरे सदमे में ऋतु सीधे खेत में बने तालाब की तरफ भागी और पानी में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख परिजन चिल्लाते हुए तालाब की ओर दौड़े और उसे बाहर निकाला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, पर तब तक ऋतु भी दम तोड़ चुकी थी।
ऋतु बी.ए. फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। पिता परताराम अपनी बेटी की पढ़ाई को लेकर सजग थे। वो बज्जू में नया घर बनवा रहे थे ताकि ऋतु को पढ़ाई में कोई दिक्कत न आए। घर बनवाने के लिए ही परताराम बज्जू आए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस घर को वो बेटी के भविष्य के लिए बना रहे हैं, वहां उनकी और उनकी बेटी की अर्थी उठेगी।
पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है, लेकिन गांव में इस समय सन्नाटा पसरा हुआ है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि एक पल में सबकुछ कैसे खत्म हो गया।


