कमालगंज। थाना क्षेत्र के एचपी गैस एजेंसी के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल युवक को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कमालगंज पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान सोनू पुत्र निवासी कोहनी नगला, थाना कमालगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू पहले सीएचसी कमालगंज में सुरक्षा गार्ड के पद पर भी कार्य कर चुका है, जिसके चलते अस्पताल कर्मी भी उसे पहचानते हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चिकित्सकों की निगरानी में घायल का इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


