फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन की जिला कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ अवस्थी ने की। बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ अवस्थी, महामंत्री अरशद सिद्दीकी , कोषाध्यक्ष अनुराग सक्सेना, उपाध्यक्ष सुधीर कुमार, ऋषभ शुक्ला, पुणेश मिश्रा, महिला उपाध्यक्ष सुमन मिश्रा एवं प्रतिमा दिवाकर, प्रचार मंत्री गजेंद्र सिंह, ऑडिटर निर्मल बौद्ध, संगठन मंत्री सुशील सक्सेना तथा सदस्य अश्वनी कुमार राजपूत और सुशील कुमार राजपूत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में कर्मचारियों ने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन कार्यरत कर्मचारियों को शासनादेश के अनुरूप जून-2026 से एसीपी (प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय) का लाभ दिया जाना है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं अवकाश नकदीकरण का लाभ दिलाए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ अवस्थी ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण होना आवश्यक है।महामंत्री अरशद सिद्दीकी ने बताया कि संगठन ने निर्णय लिया है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 22 जून को मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन तथा सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज को भी ज्ञापन भेजकर कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कर्मचारियों की समस्याओं पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के हितों के लिए जिलाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ अवस्थी की सक्रियता और नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को संगठन के लिए प्रेरणादायक बताया।


