यूथ इंडिया (सत्यम मिश्रा)
फर्रुखाबाद। शहर का मिशन हॉस्पिटल चौपाटी बाजार इन दिनों चर्चाओं की सुर्खियों में दिखाई दे रहा है बही अव्यवस्थाओं और शराबियों के जमावड़े को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि देर रात होते ही यहां शराब पीने वालों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि पास में कादरी गेट थाना स्थित होने के बावजूद शराबियों में पुलिस का कोई भय दिखाई नहीं देता और पुलिस भी मूकदर्शक बनी नजर आती है।
चौपाटी बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे आते हैं, लेकिन शराबियों की मौजूदगी के कारण उन्हें असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराबखोरी से बाजार की छवि धूमिल हो रही है।
वहीं कुछ दिन पूर्व नगर पालिका प्रशासन द्वारा चौपाटी क्षेत्र में फैले अतिक्रमण को हटाने की बात कही गई थी। उस समय कार्रवाई के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन कुछ दिनों तक माहौल गर्म रहने के बाद मामला ठंडे बस्ते में जाता दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि अब नगर पालिका के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है और अतिक्रमण की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोगों का कहना है कि एक तरफ अतिक्रमण से रास्ते संकरे हो रहे हैं तो दूसरी तरफ शराबियों के जमावड़े से क्षेत्र की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा रही है। नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका से संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि चौपाटी बाजार को फिर से सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।
अतिक्रमण हटाने के दावे हवा-हवाई, मिशन हॉस्पिटल चौपाटी बाजार बना शराबियों और अव्यवस्थाओं का अड्डा


